
*किसानों से 3 रुपये किलो में हरा चारा खरीदेगी सरकार*
फरह/देवेन्द्र शर्मा। सरकार गोशालाओं की हालत सुधारने जा रही है। इसके लिए गोशालाओं के आसपास रहने वाले किसानों से हरे चारे के लिए अनुबंध किया जाएगा। इनसे तीन रुपये किलो में हरा चारा खरीदा जाएगा। वहीं गोशालाओं का संचालन समाजसेवी, युवाओं के हाथों में सौंपा जाएगा। इससे जहां गायों और गोशालाओं की हालत सुधरेगी वहीं युवाओं को भी काम मिलेगा।
यह सब बातें गो सेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने प्रेसवार्ता में बताईं। उन्होंने बताया कि गोशालाओं में चारे की कमी न हो इसके लिए सरकार ने सभी गोशालाओं के लिए धनराशि भेज दी है। सरकार कान्हा गोशाला, वृहद गो गोशाला के आसपास के किसानों से तीन रुपये किलो तक हरा चारा खरीदेगी। इसमें सरकार नेपियर घास का बीज उपलब्ध कराएगी।
बीज के लिए धनराशि भी अनुबंध करने वाले किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि फरसा वाले बाबा की मृत्यु की जांच एसआईटी द्वारा की जा रही है। जो निष्कर्ष सामने आएंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बरारी स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। यहां सफाई के आदेश दिए।



