फरह में बाल विकास परियोजना अधिकारी के सेवानिवृत्त होने पर भावुक विदाई समारोह,
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आंखें हुईं नम

फरह में बाल विकास परियोजना अधिकारी के सेवानिवृत्त होने पर भावुक विदाई समारोह,
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आंखें हुईं नम
फरह/देवेन्द्र शर्मा। फरह ब्लॉक सभागार में गुरुवार बाल विकास परियोजना अधिकारी बृजरानी के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर एक गरिमामय एवं भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे। अपने सेवाकाल के दौरान बृजरानी ने कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और कार्यकुशलता के बल पर फरह क्षेत्र में एक अलग पहचान बनाई। उन्होंने बाल विकास परियोजना से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित कर जरूरतमंदों तक सरकारी लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसी कारण वे न केवल अधिकारियों बल्कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच भी अत्यंत लोकप्रिय रहीं।
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर, पटिका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर फरह खंड विकास अधिकारी नेहा रावत ने कहा कि बृजरानी ने अपने कार्य से विभाग और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके नेतृत्व और सहयोगात्मक व्यवहार ने सभी के दिलों में विशेष स्थान बनाया है।
विदाई के क्षणों में माहौल बेहद भावुक हो गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आंखों से आंसू छलक पड़े और हर चेहरा उनकी कमी को महसूस करता नजर आया। अपने संबोधन में बृजरानी ने सहयोगियों से कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करें, ताकि सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें।
कार्यक्रम में फरह खंड विकास अधिकारी नेहा रावत,दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल, फरह चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामवीर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी विनय प्रताप सिंह, एडीओ पंचायत थान सिंह,सुपरवाइजर पूनम, सरला समाजसेवी बनी सिंह सागर, विनोद आजाद, रामवीर सिंह, केशव आजाद सहित अनेक अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह का समापन सम्मान और आत्मीय विदाई के साथ हुआ।



