चम्बल फर्टिलाइजर्स के द्वारा कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
देवेन्द्र शर्मा /व्यूरो चीफ

चम्बल फर्टिलाइजर्स के द्वारा कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ आयोजन
फरह। विश्व मृदा दिवस अभियान के तहत चंबल उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड की कृषि विकास प्रयोगशाला द्वारा ग्राम जमालपुर में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक किसानों ने भाग लेकर मृदा स्वास्थ्य एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सतेंदर कुमार(टी.ओ. डेमो ऑपरेशन्स) ने किया। उन्होंने किसानों को चंबल कंपनी के विभिन्न कृषि विकास कार्यक्रमों तथा वैज्ञानिक खेती की तकनीकों के बारे में अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ वीरेंद्र कुमार(वरिष्ठ वैज्ञानिक,कृषि विज्ञान केंद्र,आवागढ़)मृदा स्वास्थ्य के गिरते स्तर, उसके कारणों तथा मिट्टी को पुनः स्वस्थ बनाने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संतुलित पोषण, जैविक खादों का उपयोग और मृदा की नियमित जाँच ही टिकाऊ खेती की कुंजी है।
संगोष्ठी में किसानों ने रबी फसलों के प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था, पोषण प्रबंधन तथा रोग-कीट नियंत्रण से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया।
रिसर्च कॉर्डिनेटर दीपांशु चौधरी एवं मनीष लवानिया ने कार्यक्रम प्रबंधन का कार्य संभाल कर उसे सफल बनाया और गाँव के उन्नत किसान श्री कल्याण सिंह, श्री सुरेश चन्द ठाकुर एवं श्री चन्दन सिंह मास्टर जी ने चंबल टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम किसानों को वैज्ञानिक और लाभकारी खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन समय-समय होना चाहिए।

