
*राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष पहुंची मथुरा वृंदावन*
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय राया का किया निरीक्षण
मथुरा/देवेन्द्र शर्मा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा बिष्ट यादव बृहस्पतिवार को मथुरा के राया स्थित कस्तूरबा गाँधी विद्यालय पहुंचीँ। इस दौरान उनके साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतन कीर्ति मौजूद रहीं। विद्यालय परिसर में आयोग की उपाध्यक्ष के साथ बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वृक्षारोपण भी किया गया। जिससे छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े।
बीएसए श्रीमती रतन कीर्ति ने कहा कि कस्तूरबा विद्यालयों में पढ़ने वाली हमारी बेटियाँ शिक्षा, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की प्रेरक मिसाल हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया राया स्थित कस्तूरबा गाँधी विद्यालय की व्यवस्थाएँ संतोषजनक एवं सराहनीय पाई गईं। इसके बाद आयोग की उपाध्यक्ष वृंदावन पहुंचीं। जहां उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधानपूर्वक दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उनके आगमन को लेकर मंदिर परिसर में पुलिस बल की तैनाती रही।
अपर्णा यादव सबसे पहले ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचीं, जहां सेवायत गोस्वामियों के सानिध्य में उन्होंने पूजन किया। इस दौरान वे काफी देर तक ठाकुरजी के विग्रह को निहारती रहीं और विश्व कल्याण की कामना की। दर्शन उपरांत सेवायतों ने उन्हें ठाकुरजी की प्रसादी और अंगवस्त्र भेंट किए।
मीडिया से बातचीत में अपर्णा ने कहा कि ब्रज धाम में आकर बांकेबिहारीजी के दर्शन करना उनके लिए सौभाग्य की बात है, क्योंकि भगवान उन्हीं को बुलाते हैं जिनके भाग्य में यह दिव्य अवसर लिखा होता है। उन्होंने बताया कि वे देश में अमन-चैन, सबके कल्याण और आगामी 2027 में भाजपा की प्रचंड विजय की कामना लेकर बांके बिहारी मंदिर पहुंची हैं।



