सांस्कृतिक सरोकारों से बांधता है वेटलैंड्स : शैलजाकांत मिश्र*
विश्व वेटलैंड दिवस पर जोधपुर झाल पर कार्यक्रम हुए आयोजित

सांस्कृतिक सरोकारों से बांधता है वेटलैंड्स : शैलजाकांत मिश्र*
फरह/देवेन्द्र शर्मा। आगरा–मथुरा की सीमा पर स्थित जोधपुर झाल वेटलैंड पर विश्व वेटलैंड्स दिवस के अवसर पर विविध जागरूकता एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वेटलैंड्स के पारिस्थितिक, सांस्कृतिक एवं जैव विविधता संरक्षण में महत्व को जनमानस तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शैलजाकांत मिश्र (सेवानिवृत्त आई.पी.एस.), उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने कहा कि वेटलैंड्स केवल जलस्रोत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, जैव विविधता और पारंपरिक ज्ञान से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने वेटलैंड संरक्षण को सामाजिक सहभागिता से जोड़ने पर बल दिया।
इस अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद, वन विभाग के अधिकारियों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों को जोधपुर झाल वेटलैंड में बर्ड वॉचिंग एवं फील्ड विजिट कराई गई। विद्यार्थियों ने प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों के व्यवहार, आवास और संरक्षण की आवश्यकता को प्रत्यक्ष रूप से समझा।
कार्यक्रम के अंतर्गत जीजीआईसी स्कूल फरह, ऋषिकुल स्कूल एवं सूरज गोविंद स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया गया। प्रतियोगिता में विजयी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बायोडायवर्सिटी रिसर्च एंड डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा वेटलैंड एवं पक्षी जैव विविधता पर आधारित फोटो प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में ईकोलॉजिस्ट डॉ. के. पी. सिंह ने जोधपुर झाल वेटलैंड की सेंट्रल एशियन फ्लाइवेज में भूमिका, प्रवासी पक्षियों की निर्भरता तथा उनके संरक्षण से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं पर जानकारी दी और फील्ड विजिट के माध्यम से प्रतिभागियों को व्यावहारिक समझ प्रदान की।
इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक श्री वेंकटा श्रीकर पटेल ने कहा कि जोधपुर झाल वेटलैंड के वैधानिक संरक्षण की दिशा में कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
वहीं सीईओ सूरज पटेल ने वेटलैंड संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ब्रज क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।कार्यक्रम के दौरान मुकेश शर्मा, पर्यावरण सलाहकार, सुशील कुमार, SDO मथुरा , मनीष कुमार शर्मा, SDO सादाबाद, अतुल तिवारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी मथुरा, मनोज सक्सेना, निधि यादव, अनुज परिहार, पलक, आकांक्षा, अमित दिवाकर, विनोद आदि की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के समापन पर वेटलैंड संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने तथा भविष्य में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।



