E-PaperUncategorizedयूपी

घनी आबादी के बीच मिला विस्फोटक का जखीरा, तहखाने मे भरा था आतिशबाजी का समान, नहीं थी कोई सुरक्षा

बाराबंकी शहर के एक मोहल्ले में विस्फोटक से भरा एक जखीरा बरामद हुआ है। सामग्री को बिना किसी सुरक्षा के रखा गया था। जरा सी चूक या लापरवाही इलाके में भारी तबाही मचा सकती थी।

बाराबंकी –  जिले की टिकैतनगर की पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में दो लोगों की मौत और पांच के घायल होने का मातम अभी थमा भी नहीं था कि शहर के बीचोंबीच एक और बड़ा धमाका होने की आशंका ने प्रशासन की नींद उड़ा दी। घनी आबादी वाले पल्हरी चौराहे से जैदपुर रोड पर करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक भवन में पुलिस ने लाखों रुपये की अवैध आतिशबाजी का जखीरा बरामद किया है।

प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि जिस कारोबारी द्वारा यहां पटाखे का जखीरा इकट्ठा किया गया था उसका लाइसेंस पहले ही समाप्त हो चुका है। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक टीम ने जब भवन पर छापा मारा तो अंदर का मंजर देखकर सभी दंग रह गए। घर के हर कमरे में पटाखों, गोलों और भारी मात्रा में आतिशबाजी का सामान ठूंस-ठूंस कर भरा पड़ा था। तहखाने में भी पूरा माल रखा गया था, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह कितना बड़ा खतरा बन चुका था।

सबसे हैरानी की बात यह कि शहर के बीच घनी आबादी के बीच इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के रखी गई थी। जरा सी चिंगारी या चूक पूरा इलाका तबाही के मलबे में बदल सकती थी। सीओ सिटी संगम कुमार ने बताया कि अवैध गोदाम के खिलाफ कार्रवाई जारी है। अब तक पांच डीसीएम भरकर आतिशबाजी का सामान बाहर निकाला जा चुका है और पूरी जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में आतिशबाजी यहां कब और कैसे पहुंचाई गई। शहर में हुए ताजा खुलासे ने प्रशासन की व्यवस्था और लाइसेंसिंग सिस्टम पर फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!